ट्रैक्टर चालक की समझदारी से बच्ची मासूम की जान
इंडिपेंडेंट वॉयस।
गोंडा जिले के कर्नलगंज कोतवाली के लालेमऊ के मजरा खाल पुरवा में एक मां का कारनामा सुन कर आपके होश उड़ जाएंगे। खेत की जोताई कर रहे ट्रैक्टर को रोकने के लिए एक महिला ने अपनी दुधमुंही बच्ची को ट्रैक्टर के पहिए के सामने लिटा दिया। गनीमत रही है कि चालक की सूझबूझ से मासूम बच्ची की जान बच गई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम लालेमऊ निवासी दान बहादुर ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। इसमें कहा है कि उसके चार भाइयों के बीच जमीन का विवाद था। सभी को बराबर हिस्सा मिला हुआ है और सभी अपने अपने हिस्से पर काबिज हैं। रविवार को वह अपने खेत की जोताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचा था। उसी बीच गीता देवी अपनी दुधमुंही बच्ची को लेकर पहुंची और ट्रैक्टर के सामने फेंक दिया। वक्त रहते ब्रेक मार देने से बच्ची की जान बच गई।
आरोप है कि महिला खेत जोतने का विरोध कर रही थी। दान बहादुर का कहना है कि इसके पूर्व गांव में हुई पंचायत में सभी लोगों का हिस्सा अलग कर दिया गया था। उसके भाई खुद सामने ना आकर अपनी पत्नी को विवाद में आगे कर देते हैं। उसकी पत्नी ने अपनी बच्ची को ट्रैक्टर के सामने फेंक दिया, यदि ट्रैक्टर चालक तत्काल ब्रेक ना लगा देता तो बच्ची की जान जा सकती थी।
मामले की जांच शुरू
कोतवाल सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। मौके पर पुलिस बल को भेजा गया है, दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को देखा जा रहा है। महिला द्वारा बच्ची फेंकने की घटना वीडियो के माध्यम से जानकारी में आई है जिस पर कार्रवाई की जा रही है।