नमाज पढ़ने की घटना के बाद हड़कंप, पुलिस खंगाल रही फुटेज
इंडिपेंडेंट वॉयस।
शहीदपथ के पास स्थित लुलु माल में एक बार फिर नमाज पढ़ने का वीडियो सोमवार को इंटरनेट पर वायरल हुआ। इस बार माल में एक महिला नमाज पढ़ते नजर आई है, वीडियो में बुर्का पहने एक महिला को नमाज पढ़ते देखा गया। फिलहाल माल प्रबंधन को यह पता नहीं चल सका है कि नमाज पढ़ने वाली महिला कौन है और उसने ऐसा क्यों किया। वहीं, मॉल प्रबंधन पहले ही परिसर के अंदर धार्मिक गतिविधियों पर रोक का नोटिस जारी कर चुका है। हालांकि विडियो की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
जुलाई में शहीद पथ स्थित लुलु मॉल में अनधिकृत रूप से नमाज पढ़ने का मामला सामने आया था। इसे लेकर हिन्दु संगठनों ने काफी हंगामा किया था। कुछ संगठनों ने मॉल के अंदर हनुमान चालीसा व सुंदरकांड भी किया था। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद मामला शांत पड़ा था। वहीं, सोमवार को मॉल में एक महिला के नमाज पढ़ने का विडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी ने बताया कि सोमवार रात वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। अधिकारियों को जानकारी देकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीसी कैमरे आदि चेक किए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो कितने दिन पहले का है। इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। इस बात की पड़ताल की जा रही है।
बता दें बीते दिनों लुलु माल में लगातार नमाज पढ़ने के वीडियो वायरल हो रहे थे। इसके बाद अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी समेत कई अन्य हिंदू संगठनों ने हंगामा प्रदर्शन किया था। फिर हिंदू संगठनों ने हनुमान चालिसा का पाठ किया था। कई दिन तक हंगामा, बवाल और प्रदर्शन चला था। तत्कालीन डीसीपी दक्षिणी को भी हटाया गया। सुशांत गोल्फ सिटी इंस्पेक्टर हटे थे। शासन के आदेश पर कई कार्रवाई हुई थी। 20-25 लोग गिरफ्तार कर जेल भी भेजे गए थे। सोमवार रात फिर से नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ।
बता दें माल के लिए बनाए गए नियम के तहत, यहां किसी भी प्रकार की संगठित धार्मिक कार्य या प्रार्थना जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं है। माल प्रबंधन की तरफ से सभी कर्मचारियों और सुरक्षा टीम को इस बात के लिए अलर्ट भी किया गया है कि माल परिसर में इस तरह गतिविधियां न हों।