एलडीए वीसी ने बुधवार को व्यापारियों समेत कई संगठनों के साथ की बैठक
इंडिपेंडेंट वॉयस।
आजादी अमृत महोत्सव पर एलडीए की ओर से हजरतगंज में होने वाले तीन दिवसीय कार्निवाल में बहुत कुछ खास होगा। यहां पर लोगों के मनोरंजन के लिए म्यूजिकल बैंड, डांस, मैजिक और कॉमेडी शो के आयोजन होंगे। कार्निवाल में मस्ती के साथ लोग रेस्टोरेंट में विशेष छूट पर जायकों का मजा भी ले सकेंगे। एलडीए की अपील पर मॉल, रेस्टोरेंट व होटलों में लोगों को विशेष छूट दी जाएगी। एलडीए उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को अधिकारियों, व्यापार मण्डल व जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।
डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि हजरतगंज कार्निवल का आयोजन 15, 16 व 17 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगा। इसमें कई तरह के आर्कषक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मल्टीलेवल पार्किंग के पास एक बड़ा मंच बनाया जा रहा है। बैठक के दौरान उन्होंने हजरतगंज व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ सभी बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया। व्यापारियों ने बताया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत मार्केट के पूरे रूट पर तिरंगे लगाने के साथ ही आकर्षक सजावट की जा रही है। स्पीकर पर देशभक्ति गीत बजाये जाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैन्य कर्मियों व 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए आकर्षक ऑफर देने की भी घोषणा की है। इस मौके पर जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के प्रतिनिधि संजय सिंह ने बताया कि कार्निवल में म्यूजिकल बैंड (बॉलीवुड, अवधी व भोजपुरी), क्लासिकल व फोल्क डांस, मैजिक और कॉमेडी शो समेत विभिन्न तरह के आयोजन किये जाएंगे।
75 किलो का बनेगा लड्डू
आजादी के अमृत महोत्सव पर एलडीए हजरतगंज में 75 किलो का लड्डू बनवा कर लोगों में बंटेगा। उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आजादी अमृत महोत्सव के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली आरडब्ल्यूए, व्यापार मण्डल, संस्थाओं व प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
व्यापारी बोले-तेजी से हुआ काम
बैठक के दौरान व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी के कार्यों की सराहना की गई। व्यापार मण्डल अध्यक्ष विनोद पंजाबी ने बताया कि उपाध्यक्ष द्वारा निरीक्षण के दौरान दिये गए आदेशों का शत प्रतिशत अनुपालन हो रहा है। इसके तहत नाले के पत्थर चेंज हो गए हैं व रेलिंग/खम्भों आदि की रंगाई-पुताई का काम लगभग पूरा हो गया है और गोलार्ड भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही हजरतगंज कार्निवल की तैयारियां पूरे जोश के साथ चल रही है।
प्राधिकरण कर्मी निकालेंगे तिरंगा रैली
उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्राधिकरण के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की । उपाध्यक्ष ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह 7 बजे प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसमें सभी लोग दो पहिया वाहनों पर सवार होकर राष्ट्रीय एकता के नारे लगाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे। इसके लिए महिला व पुरूष कर्मियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है।
चटोरी गली में कैटरर्स को नि:शुल्क दुकान
उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को कैटरर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस मौके पर उपाध्यक्ष ने कहा कि कैटरर्स को आशा ज्योति लेन (चटोरी गली) में 12 से 17 अगस्त तक नि:शुल्क दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें वह लोग शहरवासियों को प्रदेश के प्रसिद्ध व्यंजन परोस सकेंगे। उपाध्यक्ष ने कहा कि कैटरर्स को इसमें साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैन्य कर्मियों व 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों को विशेष छूट देनी होगी।