एलडीए ने खाली कराई 10 करोड़ रुपए की जमीन
इंडिपेंडेंट वॉयस।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को गोमतीनगर विभूतिखंड में प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे कर के बनाए गए एक रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान रेस्टोरेंट संचालकों ने कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन अधिक संख्या में पुलिस बल होने से उनकी एक न चली। पूरी कार्रवाई के दौरान एलडीए 10 करोड़ रुपए की जमीन खाली कराने में सफलता हासिल की है। इससे पहले भी एलडीए विभूतिखंड में कई प्लाटों से अवैध कब्जेदारों को खदेड़ चुका है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि गोमतीनगर विभूतिखंड में चंदन अस्पताल के पीछे एलडीए द्वारा अर्जित 450 वर्ग मीटर था। इस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा करके द प्लैटर कैफे खोल रखा था। एलडीए की ओर से इन अवैध कब्जेदारों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। शनिवार को एलडीए वीसी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, जोनल अधिकारी अरुण कुमार व तहसीलदार शशिभूषण पाठक के नेतृत्व में अवैध रूप से बने द प्लैटर कैफे पर बुलडोजर चला दिया। असल में गोमतीनगर विभूतिखंड में एलडीए की कई अर्जित प्लाट है। इन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से अपना कब्जा जमा रखा है। इन प्लाटों की जानकारी भी एलडीए के अर्जन विभाग से गायब हो गई थी। उपाध्यक्ष इन्द्रमणि त्रिपाठी के पद संभालने के बाद अर्जित सम्पत्तियों का ब्योरा खंगाला गया। इसमें कई प्लाट सामने आए हैं। जिनको खाली करने की कार्रवाई एलडीए कर रहा है।